Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम का समापन, छात्राओं को नेतृत्व...

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम का समापन, छात्राओं को नेतृत्व का संदेश

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में NSS अभिविन्यास कार्यक्रम के दौरान छात्राएं

महिला-पुरूष समानता का संदेश देता नाटक, ‘माई भारत पोर्टल’ पर पंजीकरण और युवा गतिविधियों में भागीदारी का किया आह्वान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सेठ नेतराम मघराज टीबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय, झुंझुनूं में राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एनएसएस अभिविन्यास कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. मनोज कुल्हार ने की। कार्यक्रम में स्वयंसेविकाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। मुख्य वक्ता डॉ. हुक्मिचंद शर्मा ने स्वयंसेविकाओं को व्यक्तित्व विकास के अंतर्गत आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं नेतृत्व क्षमता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने युवाओं को अपने भीतर नेतृत्व के गुण विकसित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।

जिला युवा अधिकारी मधु यादव ने ‘माई भारत पोर्टल’ पर अधिकाधिक पंजीकरण कराने तथा विभिन्न युवा गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए स्वयंसेविकाओं को प्रेरित किया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग क्विज प्रतियोगिता’ का आयोजन भी किया गया, जिसमें 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में स्वयंसेविका नेहा एवं प्रगति शर्मा के समूह ने महिला-पुरूष समानता पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया।

नाटक के माध्यम से परिवार में स्त्री और पुरूष की समान जिम्मेदारी एवं सहभागिता का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया। प्रस्तुति ने उपस्थित स्वयंसेविकाओं को सामाजिक समानता और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रमाधिकारी सुनीता कुमारी ने राजस्थान एवं भारत सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सह आचार्य डॉ. अभिलाषा आबूसरिया ने युवाओं को शिक्षा, सेवा एवं सामाजिक सहभागिता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

एनएसएस जिला समन्वयक डॉ. शशि प्रकाश ने स्वयंसेविकाओं को एनएसएस की समाजोपयोगी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. मनोज कुल्हार ने स्वयंसेविकाओं से कर्मठता, कर्तव्यनिष्ठा एवं अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी जगदीश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

एनएसएस इकाई प्रथम की कार्यक्रमाधिकारी कल्पना जानू ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष किशोर कुमार, डॉ. अनिता जेफ, डॉ. रघुराज सिंगोदिया, डॉ. विकास भड़िया, डॉ. मनीष यादव, इंद्रा सैनी, डॉ. दिव्या चौधरी, डॉ. पंकज पारिक, डॉ. प्रीतम सिंह, डॉ. राजवीर सिंह, जयप्रकाश, सतीश कुमार, डॉ. अखिलेश कुमार सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं एनएसएस स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

Advertisement