अजय कुमार स्वामी बने जिलाध्यक्ष, राम प्रताप गोदारा को जिला मंत्री और अंग्रेज सिंह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
जिला हनुमानगढ़ शारीरिक शिक्षक संघ का जिला अधिवेशन शनिवार को राजीव गांधी स्टेडियम हनुमानगढ़ में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शारीरिक शिक्षक साथियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा शिक्षकों के हितों और विकास को लेकर विचारवान साथियों ने अपने सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए।
अधिवेशन की अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा भीमसेन वर्मा ने की। उन्होंने शारीरिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में शारीरिक शिक्षा और खेलों की अहम भूमिका है। ऐसे में शारीरिक शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना चाहिए।
अधिवेशन के दौरान जिला शारीरिक शिक्षक संघ की नई जिला कार्यकारिणी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें अजय कुमार स्वामी को जिला अध्यक्ष, राम प्रताप गोदारा को जिला मंत्री तथा अंग्रेज सिंह शारीरिक शिक्षक को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी के गठन में जिलेभर से पहुंचे शारीरिक शिक्षक साथियों की सहमति और सहयोग रहा।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन किया जाएगा। संगठन के माध्यम से जिले के शारीरिक शिक्षकों की समस्याओं, आवश्यकताओं और हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाया जाएगा। साथ ही शारीरिक शिक्षकों के व्यावसायिक एवं संगठनात्मक विकास के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
बताया गया कि नवगठित जिला कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों तक कार्य करेगी। इस दौरान संगठन को मजबूत करने के साथ ही जिले के शारीरिक शिक्षक साथियों के विकास और हितों के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जाएगा।
अधिवेशन में जिलेभर से आए शारीरिक शिक्षकों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और आपसी सहयोग का माहौल देखने को मिला। पदाधिकारियों के चयन के बाद उपस्थित शिक्षकों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में पूरे जिले से पहुंचे शारीरिक शिक्षा साथियों का सहयोग सराहनीय रहा। अधिवेशन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।













