Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ हनुमानगढ़ में सीपीआईएम का प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

हनुमानगढ़ में सीपीआईएम का प्रदर्शन, कलेक्टर कार्यालय का किया घेराव

hanumangarh-cpim-protest-collector-office-councillors-pressure

पार्षदों पर दबाव बनाने और विधायक पर मुकदमे के विरोध में कलेक्टर कार्यालय घेरा

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
नगरीय निकाय चुनाव के बाद पार्षदों पर कथित दबाव बनाने, उनके घरों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विभिन्न विभागों की ओर से छापेमारी किए जाने तथा विधायक दिनेश राजपुर के खिलाफ पुराने मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने शनिवार को जिला कलक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार एवं स्थानीय भाजपा नेताओं की ओर से निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाया जा रहा है, ताकि नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड गठित किया जा सके।

प्रदर्शन से पहले सीपीआईएम कार्यकर्ता लाल चौक पर एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए रैली के रूप में जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे। कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए पुलिस एवं प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी की स्थिति भी बनी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सभा आयोजित कर सरकार की कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नगर निकाय चुनाव में जनता ने जो जनादेश दिया है, उसका सम्मान किया जाना चाहिए। आरोप लगाया गया कि चुनाव परिणाम के बाद भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए निर्वाचित पार्षदों को कथित रूप से धमकाया जा रहा है। उनके घरों तथा दुकानों और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर विभिन्न विभागों की ओर से छापेमारी की जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों पर इस तरह का दबाव उचित नहीं है।

वक्ताओं ने विधायक दिनेश राजपुर के खिलाफ पुराने मामले में मुकदमा दर्ज किए जाने को भी राजनीतिक दबाव से जोड़ते हुए विरोध जताया। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता द्वारा दिए गए जनादेश के बाद इस प्रकार की कार्रवाई से लोगों में असंतोष पैदा हो रहा है। पार्टी नेताओं ने आशंका जताई कि नगर परिषद सभापति के चुनाव में भी गड़बड़ी का प्रयास किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सभापति चुनाव करवाने की मांग की।

सीपीआईएम नेताओं ने कहा कि हनुमानगढ़ की राजनीतिक एवं सामाजिक परंपरा में इस प्रकार का माहौल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी निर्वाचित पार्षद को धमकाकर या दबाव में लेकर जनादेश को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए। पार्टी ने चेतावनी दी कि लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जनादेश के सम्मान के लिए वह आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।

प्रदर्शन एवं सभा में रामेश्वर वर्मा, रघुवीर वर्मा, आत्मा सिंह, शेर सिंह, बहादुर सिंह चौहान, जगजीत सिंह जग्गी, गोपाल बिश्नोई, देवी लाल मेघवाल, वेद मक्कासर, लालचंद, हरजी वर्मा, विनोद वर्मा एडवोकेट, शिवकुमार प्रधान, वारिस अली, सुल्तान खान, गुरप्रेम सिंह, मनीराम मेघवाल, गोपाल बिश्नोई, सुरेन्द्र सिंह, सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।

Advertisement