प्रह्लाद छावड़ी को ब्लॉक अध्यक्ष की कमान, जितेंद्र चोपड़ा बने मंत्री; शिक्षकों के हितों के लिए संगठित होकर काम करने का संकल्प
खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
राजस्थान शिक्षा सेवा प्राध्यापक संघ (रेसला) की ओर से राजकीय जयसिंह स्कूल परिसर में व्याख्याताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ की खेतड़ी ब्लॉक कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन किया गया। चुनाव पर्यवेक्षक प्रधानाचार्य ब्रह्मानन्द दोचानिया एवं चुनाव अधिकारी प्रधानाचार्य अशोक कुमावत के सान्निध्य में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई।
निर्वाचन में प्रह्लाद छावड़ी को ब्लॉक अध्यक्ष तथा जितेंद्र चोपड़ा को मंत्री चुना गया। वहीं वेदपाल सिंह शेखावत को सभाध्यक्ष, संदीप शर्मा को उपाध्यक्ष, धुंकल सिंह चौधरी को कोषाध्यक्ष, सोमवती को महिला मंत्री, राजेश कसाना को संगठन मंत्री, डॉ. सुरेन्द्र सुरेन को मीडिया प्रभारी तथा बजरंग लाल सैनी को कार्यकारी अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। नई कार्यकारिणी के निर्वाचन के बाद शिक्षकों एवं संघ सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया।
इस दौरान पदाधिकारियों ने संगठन की ओर से सौंपी गई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाने का संकल्प लिया। बैठक में शिक्षकों से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं उनके हितों को लेकर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उचित मंच तक पहुंचाने तथा उनके हितों के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे। साथ ही संघ को मजबूत बनाने, शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी तरीके से संचालित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष प्रह्लाद छावड़ी एवं मंत्री जितेंद्र चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की बात कही।












