जांगिड़ समाज ने पूजा-अर्चना कर समाज की खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की ; शिक्षा व राजनीतिक जागरूकता पर दिया जोर
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
स्थानीय कारूंडिया रोड , खातियों की बगीची स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में गुरूवार को विश्वकर्मा पूजा दिवस श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए और बड़ी संख्या में जांगिड़ समाज के लोग शामिल हुए। मंदिर के महंत सुशील कुमार शर्मा के सानिध्य में भगवान विश्वकर्मा का सुगंधित एवं रंग-बिरंगे फूलों तथा नवीन वस्त्रों से आकर्षक व अलौकिक श्रृंगार किया गया।
मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद आरती हुई और श्रृद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। विश्वकर्मा पूजा दिवस के अवसर पर जांगिड़ समाज के अनेक लोगों ने अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखे तथा दैनिक कार्यों से अवकाश लेकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा – अर्चना की। श्रृद्धालुओं ने भगवान विश्वकर्मा से समाज और परिवारों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति के लिए प्रार्थना कर आशीर्वाद मांगा।
समारोह के दौरान समाज के लोगों ने भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए रूढ़िवादी परंपराओं से दूर रहकर उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने तथा राजनीतिक क्षेत्र में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। समाज में शिक्षा, एकता और जागरूकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए गए।
समारोह में राष्ट्रीय मंगलम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैलाश चंद्र जांगिड़, नागर मल जांगिड़, सेवानिवृत्त सहायक अभियंता विद्याधर जांगिड़, दयानंद जांगिड़, नवल किशोर जांगिड़, उमेश जांगिड़, बनवारी लाल जांगिड़, लादूराम जांगिड़, जगदीश जांगिड़, रवि जांगिड़, लक्ष्मीकांत जांगिड़, हरिकिशन जांगिड़, श्रवण कुमार जांगिड़, कैलाश चंद मंडावा वाले, बजरंग लाल जांगिड़, सुरेश मित्तल, बाबूलाल सहित जांगिड़ समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















