किसान महासभा ने उपखंड कार्यालय पर किया धरना-प्रदर्शन, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन; फसल बीमा क्लेम, बिजली और बैंक शाखा सहित कई मांगें उठाईं
बुहाना। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
क्षेत्र में अनावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर गुरूवार को किसान महासभा तहसील बुहाना के बैनर तले किसानों ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया। किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर उपखंड अधिकारी के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार से फसल खराबे का निष्पक्ष आकलन करवाकर प्रभावित किसानों को राहत देने की मांग उठाई।
किसान महासभा ने ज्ञापन में बताया कि झारोड़ा, इस्माईलपुर, जैतपुर, कुहाड़वास, ठोठी, ढाका मांडी और पालोता सहित क्षेत्र के गांवों में अनावृष्टि के कारण फसलों को नुकसान हुआ है। महासभा ने संपूर्ण तहसील क्षेत्र में तत्काल फसल खराबे का सर्वे करवाने तथा प्रत्येक ग्राम में पांच किसानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में क्रॉप कटिंग करवाने की मांग की। किसानों का कहना है कि वास्तविक नुकसान का आकलन होने के बाद राज्य सरकार से प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाए ।
महासभा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों को संबंधित बीमा कंपनी से क्लेम दिलाने की मांग की। साथ ही वर्ष 2022-23 की रबी फसलों में ओलावृष्टि और शीतलहर से नष्ट हुई फसलों के मुआवजे से वंचित किसानों को भी लंबित मुआवजा दिलाने की मांग उठाई। ज्ञापन में बुहाना में झुंझुनूं केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा शीघ्र खोलने, किसानों को प्रतिदिन छह घंटे बिना ट्रिपिंग विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं की अनावश्यक बिजली कटौती बंद करने की मांग भी की गई।
किसान महासभा ने घरेलू बिजली बिलों में लगातार शून्य विद्युत खर्च दर्शाए जाने के बावजूद उपभोक्ताओं को सरकार की ओर से दी जा रही छूट का लाभ नहीं मिलने और बाद में भारी-भरकम बिल आने का आरोप लगाते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की। महासभा ने कहा कि उपभोक्ताओं को राहत देते हुए बिजली बिलों की विसंगतियां दूर की जाएं। किसान महासभा तहसील बुहाना ने प्रशासन और सरकार को चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र सुनवाई कर समाधान नहीं किया गया तो महासभा की ओर से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान महासभा के राष्ट्रीय सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरि, जिला अध्यक्ष कामरेड ओमप्रकाश झारोड़ा, उम्मेदसिंह बलौदा, राजकुमार नंबरदार, रमेश भालोठिया, जय भगवान, सोमवीर दोचानिया, सुबेदार छैलूराम, मुकेश, गिलू राम, महेश मेघवाल, बलबीर ठेकेदार, रामपाल ठोठी, सतीश जैतपुर, विजेंद्र जैतपुर, सुनील कुमार, विनोद, सरजीत, महेंद्र ढाका मांडी, कृष्ण मेघवाल, चंद्रभान, टेकचंद, सज्जन सिंह पालोता, धर्मवीर, कर्मवीर और आशीष सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।












