बाय गांव में हथियारबंद बदमाशों ने महाजनों की हवेली का गेट उखाड़कर ले जाने और प्रशासक के घर में घुसकर धमकाने का आरोप; तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सिंगनोर निवासी अमित कुमार पकड़ा गया
नवलगढ़।झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
गांव बाय में महाजनों की हवेली पर कब्जा करने के प्रयास तथा ग्राम पंचायत प्रशासक के घर पर जानलेवा हमला करने के मामले में नवलगढ़ पुलिस और डीएसटी झुंझुनूं को सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में वांछित आरोपी अमित कुमार पुत्र श्रीचंद (24), निवासी सिंगनोर, थाना गुढ़ागौड़जी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित कई मामले दर्ज हैं।
झुंझुनूं पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में कार्रवाई की गई। नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम और डीएसटी झुंझुनूं ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2026 को ग्राम पंचायत बाय की प्रशासक तारा पूनिया ने नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट दी थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि 30-31 अगस्त की रात बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में 5-6 बदमाश हथियारों से लैस होकर आए। आरोप है कि बदमाशों ने महाजनों की हवेली का गेट चोरी कर लिया और इसके बाद प्रशासक के घर में घुसकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकियां दीं। आरोपियों द्वारा गाड़ी में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाने की बात भी रिपोर्ट में कही गई। रिपोर्ट के आधार पर नवलगढ़ थाने में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद उप निरीक्षक ताराचंद ने अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर घटना में वांछित आरोपी अमित कुमार की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार के खिलाफ थाना गुढ़ागौड़जी, थाना मुकुंदगढ़ तथा उद्योग नगर, जिला सीकर में डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में अजीत सिंह पुत्र विद्याधर निवासी कैरू, थाना नवलगढ़ तथा हिस्ट्रीशीटर कमलेश कोडिया उर्फ कमल पुत्र चेताराम निवासी बधालों की ढाणी, तन पलसाना, थाना रानोली, जिला सीकर को गिरफ्तार कर चुकी है। अब अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह, उप निरीक्षक ताराचंद, डीएसटी झुंझुनूं के मुख्य आरक्षक बुलेश कुमार व दिनेश कुमार , नवलगढ़ थाने के मुख्य आरक्षक दामोदर , यातायात नवलगढ़ के कांस्टेबल प्रकाश सिंह , नवलगढ़ थाने के कांस्टेबल बाबूलाल , विनोद कुमार और संतोष कुमार शामिल रहे।












