Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मंडावा में बोर्ड गठन पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने लगाया पार्षदों पर...

मंडावा में बोर्ड गठन पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने लगाया पार्षदों पर दबाव का आरोप

मंडावा में बोर्ड गठन को लेकर विधायक रीटा चौधरी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की राजनीतिक गतिविधियां

कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक रीटा चौधरी का भाजपा सरकार पर हमला—पुलिस के जरिए निर्वाचित पार्षदों पर दबाव बनाने का आरोप, बोलीं- ‘न जनादेश दबेगा, न कांग्रेस झुकेगी’

मंडावा। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नगर पालिका चुनाव परिणाम सामने आने के बाद मंडावा में बोर्ड गठन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने भाजपा सरकार पर सत्ता के दबाव और पुलिस के कथित दुरूपयोग के जरिए जनता के जनादेश को प्रभावित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि मंडावा के एक होटल में ठहरे कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षदों को पुलिस के माध्यम से वहां से ले जाने का प्रयास किया गया। रीटा चौधरी के मुताबिक, कांग्रेस के नवनिर्वाचित पार्षद मंडावा के एक होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान पुलिस के माध्यम से उन्हें जबरन ले जाने का प्रयास किया गया। रीटा चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा के पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार ने पुलिस पर कार्रवाई के लिए दबाव बनाया। घटना के समय वह स्वयं मौके पर मौजूद थीं। उनके अनुसार, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के बाद पुलिस को वापस लौटना पड़ा।

‘जनता के फैसले को प्रभावित करने की कोशिश’

कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता के दबाव और पुलिस की कथित कार्रवाई के जरिए निर्वाचित पार्षदों को प्रभावित करने का प्रयास लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता अपना फैसला सुना चुकी है और अब उस जनादेश का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े नगर निकायों की राजनीति में जिस तरह की खींचतान देखने को मिलती रही है, अब उसी तरह का दबाव मंडावा नगरपालिका की राजनीति में भी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

‘मंडावा का कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाला नहीं’

विधायक रीटा चौधरी ने कहा कि मंडावा का कांग्रेस कार्यकर्ता किसी दबाव में आने वाला नहीं है। राहुल गांधी के संदेश ‘डरो मत’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दबाव हो या सत्ता की ताकत, कांग्रेस न डरेगी, न झुकेगी और न ही जनता के जनादेश से समझौता करेगी।

‘जनादेश का हर हाल में होगा सम्मान’

रीटा चौधरी ने कहा कि मंडावा की जनता ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर जनादेश दिया है। निर्वाचित पार्षदों के अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने निर्वाचित पार्षदों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी प्रकार के कथित दबाव का लोकतांत्रिक तरीके से मुकाबला किया जाएगा। विधायक रीटा चौधरी ने विश्वास जताया कि मंडावा में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि जनता के फैसले को प्रभावित करने की कथित कोशिशों का जवाब कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से देगी।

Advertisement