झुंझुनूं में सनसनीखेज वारदात, 10 वर्षीय मासूम के भी बांधे हाथ-पैर; सीसीटीवी का डीवीआर तक ले गए आरोपी
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
शहर के मलसीसर रोड स्थित बिलाल नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात हुई एक दुस्साहसिक लूट की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हथियारों से लैस छह से सात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रूपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-59 स्थित बिलाल नगर निवासी प्रॉपर्टी व्यवसायी के घर रात करीब सवा एक बजे चेहरे ढके हुए छह से सात बदमाश घुस आए। घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने हथियारों के बल पर परिवार के सदस्यों को अपने कब्जे में ले लिया। परिजनों के अनुसार बदमाशों ने एक युवक की कनपटी पर रिवॉल्वर तानकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते कोई भी उनका विरोध नहीं कर सका।
मासूम तक को नहीं बख्शा
बदमाशों ने घर में मौजूद सभी लोगों के हाथ-पैर टेप, तार, चादर और कपड़ों से बांध दिए। हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने घर में मौजूद 10 वर्षीय बच्चे तक को नहीं छोड़ा। महिलाओं को अलग कमरे में बंद कर दिया गया ताकि वे किसी को सूचना न दे सकें।
हथियारों के दम पर मचाया आतंक
परिवार के अनुसार बदमाश कट्टों, रिवॉल्वर और चाकुओं जैसे हथियारों से लैस थे। उन्होंने पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली और अलमारियों, बक्सों तथा अन्य स्थानों पर रखे कीमती सामान को खंगाल डाला। बदमाश करीब 60 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी और लगभग डेढ़ से दो लाख रूपये नकद समेटकर फरार हो गए।
सबूत मिटाने के लिए डीवीआर भी ले गए
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए। माना जा रहा है कि पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से बदमाश यह उपकरण भी साथ ले गए। घटना के तरीके को देखकर आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने पहले से घर की रेकी कर रखी थी। जिस सुनियोजित ढंग से उन्होंने घर में प्रवेश किया, परिवार को बंधक बनाया और सीधे कीमती सामान तक पहुंचे, उससे उनकी पूर्व तैयारी साफ नजर आती है।
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।इस सनसनीखेज लूटकांड के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। नागरिकों का कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही चोरी और लूट की घटनाओं ने आमजन की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है। यह वारदात झुंझुनूं में हाल के वर्षों की सबसे बड़ी और साहसिक लूट की घटनाओं में से एक मानी जा रही है।











