Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं गाडराटा में 22 सितंबर से लगेगा सवाई सुंदरदास बाबा का लक्खी मेला

गाडराटा में 22 सितंबर से लगेगा सवाई सुंदरदास बाबा का लक्खी मेला

गाडराटा में सवाई सुंदरदास बाबा के लक्खी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक बैठक

तीन दिन-रात उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, मेले की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर; ड्रोन से होगी निगरानी, पानी-बिजली, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश

खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के गाडराटा में प्रसिद्ध सवाई सुंदरदास बाबा का वार्षिक लक्खी मेला 22 सितंबर से शुरू होगा। तीन दिवसीय मेले में राजस्थान के अलावा हरियाणा और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार को एसडीएम सुनील कुमार चौहान की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक हुई।

बैठक में एसडीएम चौहान ने मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पेयजल, बिजली, वाहनों एवं यातायात, चिकित्सा तथा कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तीन दिन तक दिन-रात चलने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मेला क्षेत्र की ड्रोन से निगरानी की जाएगी। प्रशासन एवं पुलिस की ओर से चिन्हित स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने तथा भीड़ के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

22 से 25 सितंबर तक शराब ठेके बंद

प्रशासन की ओर से 22 से 25 सितंबर तक मेला क्षेत्र और चिन्हित स्थानों पर शराब के ठेके बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को मेले के दौरान व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखने के लिए भी कहा गया है। गाडराटा का सवाई सुंदरदास बाबा का मेला क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक आयोजन है। मेले में दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। बाबा सुंदरदास के मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से पशुओं को बीमारियों से बचाने की कामना, बच्चों के जड़ूले तथा नवविवाहित जोड़ों की जात लगाने की धार्मिक परंपरा निभाई जाती है।

तीन दिन-रात चलने वाले मेले में आसपास के क्षेत्रों के साथ हरियाणा और उत्तर प्रदेश से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने से यहां भारी भीड़ रहती है। बैठक में डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क, थानाधिकारी सत्यवीर सिंह, तहसीलदार सुभाषचंद्र, एसआई सुनील सैनी, महिपाल सिंह निर्वाण सहित संबंधित अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement