पूर्व कमांडेंट पूरणमल ने दिए 51 हजार , ग्रामीणों ने भी जुटाए 15 हजार; उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो शिक्षकों का हुआ सम्मान
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


पिलानी । झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झेरली में विद्यालय विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग की मिसाल देखने को मिली। विद्यालय की भौतिक सुविधाओं के विकास के लिए भामाशाहों ने आर्थिक सहयोग प्रदान कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया। पूर्व कमांडेंट पूरणमल ने 51 हजार रूपए, सुनील सिंह शेखावत ने 5,100 रूपए तथा बनवारीलाल जांगिड़ ने 5 हजार रूपए की सहयोग राशि विद्यालय को प्रदान की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार एवं ग्रामवासियों की ओर से भामाशाहों का आभार व्यक्त किया गया। वहीं उपस्थित ग्रामवासियों ने भी विद्यालय विकास के लिए 15 हजार रूपए की सहयोग राशि प्रदान की तथा कार्यक्रम में मिठाई की व्यवस्था की। ग्रामीणों ने कहा कि विद्यालय क्षेत्र के बच्चों के भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए इसके विकास में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने तथा छात्र नामांकन में वृद्धि के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ अध्यापक अशोक कुमार सैनी एवं राकेश कुलहरी का भी सम्मान किया गया। दोनों शिक्षकों को उपखंड स्तर पर एसडीएम सूरजगढ़ द्वारा सम्मानित किए जाने पर विद्यालय परिवार की ओर से भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में झेरली पंचायत पीईईओ सुशीला शर्मा, प्रधानाचार्या मैना जांगिड़ एवं ग्राम प्रशासक अनूप देवी सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। समारोह में पृथ्वी सिंह, पुरूषोत्तम भटैया, मन्दरूप भटैया, कमलेश, होशियार सिंह, राजेन्द्र शर्मा, रतनलाल गुप्ता, बुधराम, राधेश्याम मीणा, भानसिंह शेखावत, सांवरमल जांगिड़, बाबूलाल सौखला एवं मातूसिंह शेखावत सहित विद्यालय परिवार एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। भामाशाहों एवं ग्रामीणों के सहयोग से विद्यालय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।














