Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

झुंझुनूं में छात्राओं को साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक

झुंझुनूं महिला महाविद्यालय में छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते साइबर सेल कर्मचारी

फर्जी कॉल, ओटीपी, बैंकिंग फ्रॉड और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने का आह्वान; छात्राओं को बनाया साइबर अवेयरनेस वॉलिंटियर्स

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सेठ नेतराम मघराज टीबड़ेवाला राजकीय महिला महाविद्यालय, झुंझुनूं में गुरूवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में साइबर क्राइम से बचाव एवं साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. मनोज कुल्हार ने की। कार्यक्रम में साइबर सेल के कर्मचारी अशोक कुमार ने छात्राओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए फर्जी कॉल, ओटीपी के नाम पर ठगी, बैंकिंग फ्रॉड, ऑनलाइन धोखाधड़ी और संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया।

उन्होंने कहा कि साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं, इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति पर भरोसा करने से पहले पूरी तरह सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से संबंधित जानकारी तथा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने का आह्वान किया। साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान कॉल या संदेश के माध्यम से मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने से बचने की सलाह दी।

इस अवसर पर चमन प्रकाश, रवीना, खुशी सेनी, चाहत, अंशिका और पूजा सहित छात्राओं को साइबर अवेयरनेस वॉलिंटियर्स बनाया गया। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. मनोज कुल्हार ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। डिजिटल संसाधनों का उपयोग जीवन को आसान बनाता है, लेकिन असावधानी साइबर अपराध का शिकार भी बना सकती है। उन्होंने छात्राओं को सतर्क एवं सजग रहते हुए डिजिटल संसाधनों का सुरक्षित उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी जगदीश कुमार, कल्पना तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला समन्वयक डॉ. शशि प्रकाश सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का संचालन सुनीता कुमारी ने किया।

Advertisement