सैकड़ों विद्यार्थियों को लाखों रूपए की छात्रवृत्ति, नीट-आईआईटी सहित विभिन्न राजकीय सेवाओं में हुआ चयन; अंबेडकर भवन में केक काटकर मनाया स्थापना दिवस
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जरूरतमंद और प्रतिभावान बच्चों की शिक्षा को समर्पित सामाजिक संस्था एफर्ट्स ने अपने सफल सामाजिक सफर के सात वर्ष पूरे कर लिए। संस्था का गठन 10 सितंबर 2019 को बच्चों की शिक्षा के लिए किया गया था। सात वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को अंबेडकर भवन, झुंझुनूं में संस्था सदस्यों ने केक काटकर स्थापना दिवस मनाया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। संस्था ने अपने सात वर्ष के सफर में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए सैकड़ों बच्चों को लाखों रूपए की छात्रवृत्ति प्रदान की है। एफर्ट्स से छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक सहयोग प्राप्त करने वाले बच्चों में से अब तक 43 विद्यार्थियों का विभिन्न राजकीय सेवाओं के साथ नीट एवं आईआईटी में चयन हो चुका है। इन सफलताओं को संस्था के शिक्षा अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसी सोच के साथ लगातार काम करना है। एफर्ट्स विशेष रूप से अनुसूचित जाति के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। संस्था की ओर से विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्थापना दिवस के अवसर पर इंद्राज सिंह भूरिया, डॉ. राकेश माहिच, सीताराम बास बुडाना, सुनील गोठवाल, नरेंद्र कहडायला, अजय काला, महावीर सानेल, राजेश हरिपुरा, मदनलाल गुडेसर, महेश जसरापुर, सुनील रसोड़ा, संदीप बौद्ध, हीरालाल, किशनलाल सहित संस्था के अनेक सदस्य मौजूद रहे। सदस्यों ने संस्था की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए इसी तरह निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।










