गाड़ियों में सवार होकर पहुंचे युवकों पर मारपीट का आरोप, एक घायल झुंझुनूं रेफर; दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल पर धमकी देने के आरोप
सिंघाना । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना नगरपालिका चुनाव के बीच चुनावी विवाद ने बुधवार रात हिंसक रूप ले लिया। गाड़ियों में सवार होकर आए युवकों पर कांग्रेस प्रत्याशी के बेटे और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक से मारपीट करने का आरोप लगा है। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया। मामले को लेकर वार्ड 24 निवासी अशोक कुमार पुत्र बाबूलाल सैनी ने सिंघाना थाने में रिपोर्ट देकर घर में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो जनों को डिटेन किया है।
चुनाव नहीं लड़ने की बात कहकर शुरू किया विवाद
पुलिस को दी रिपोर्ट में अशोक कुमार ने बताया कि उसकी माता राजबाला सिंघाना नगरपालिका चुनाव में कांग्रेस की ओर से पार्षद पद की प्रत्याशी हैं। मंगलवार रात करीब 11 बजे वह राधेश्याम सैनी के घर के पास बने बाड़े में मुलचंद पुत्र बनवारी लाल के साथ बैठकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान काले रंग की एक कार वहां आकर रूकी। आरोप है कि कार से सुरेंद्र पुत्र माडूराम, रंगलाल उर्फ राहुल पुत्र राजू, रामअवतार पुत्र वंशीधर सहित तीन-चार अन्य युवक उतरे और चुनाव नहीं लड़ने की बात कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। अशोक कुमार के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और सरियों से हमला कर दिया। इस दौरान उसके साथ मौजूद मुलचंद के साथ भी मारपीट की गई और उसका मोबाइल छीनने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी धमकी देते हुए मौके से चले गए।
भाजपा प्रत्याशी के पति पर पहले धमकी देने का आरोप
रिपोर्ट में वार्ड 24 से भाजपा प्रत्याशी अनिता सैनी के चुनाव लड़ने का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि उनके पति मुकेश सैनी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत हैं। अशोक कुमार ने आरोप लगाया कि मुकेश सैनी की ओर से उसे पहले भी चुनाव मैदान से हटने के लिए धमकियां दी गई थीं। अशोक ने पुलिस को बताया कि वह गरीब परिवार से है और मजदूरी कर जीवनयापन करता है। कथित धमकियों के कारण वह भयभीत है। उसने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
भाजपा प्रत्याशी बोलीं—पति घर पर ही थे, साजिश रच रही कांग्रेस
दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी अनिता सैनी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पति मुकेश सैनी घर पर ही थे। उन्हें सुबह झगड़ा होने की जानकारी मिली। अनिता सैनी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनाव हारने के कगार पर होने के कारण साजिश रच रही है। सिंघाना थानाधिकारी सुगन सिंह ने बताया कि रात को दो पक्षों के बीच झड़प हुई थी। मामले में रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो जनों को डिटेन किया है। मामले की जांच की जा रही है। चुनाव के बीच हुई इस घटना से सिंघाना के वार्ड 24 में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पुलिस पूरे मामले में आरोपों और दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है।










