Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में चुनावी तैयारियों का जायजा, बुहाना-सिंघाना-चिड़ावा में बूथ निरीक्षण

झुंझुनूं में चुनावी तैयारियों का जायजा, बुहाना-सिंघाना-चिड़ावा में बूथ निरीक्षण

झुंझुनूं में कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग और एसपी कावेंद्र सिंह सागर का मतदान केंद्र निरीक्षण

बुहाना से सिंघाना और चिड़ावा तक मतदान केंद्रों का निरीक्षण, तैयारियों की समीक्षा; मतदान प्रभावित करने वालों को सख्त चेतावनी

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। चुनावी तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर मतदान व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर एवं एसपी ने बुहाना में मतदान दलों के रवानगी स्थल का निरीक्षण किया।

उन्होंने वहां मतदान दलों की रवानगी से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनाव प्रक्रिया को लेकर की गई तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने बुहाना कस्बे के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का जायजा लिया और अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

सिंघाना में तैयारियों परखी, मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

इसके बाद सिंघाना में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर नगरीय निकाय चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता बरती जाए और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पुख्ता रखे जाएं।

इसी क्रम में चिड़ावा में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर नगरीय निकाय चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था, मतदान केंद्रों की सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा मतदान प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

मतदान प्रभावित करने की कोशिश की तो होगी सख्त कार्रवाई

कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग एवं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया कि मतदाताओं पर दबाव बनाने, मतदान में बाधा डालने, कानून-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मतदान केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत, विवाद या अप्रिय स्थिति सामने आने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर एवं एसपी ने संबंधित विभागों तथा पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement