13 साल की मासूम को 40 लाख में बेचने का आरोप, जबरन कराया बाल विवाह

कलेक्ट्रेट पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, मानव तस्करी का मामला बताते हुए दोषियों की गिरफ्तारी की मांग; एसपी कावेंद्र सिंह सागर बोले- जांच जारी, दोषी नहीं बचेंगे

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
जिले के एक गांव में 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को कथित तौर पर 40 लाख रूपए और सोने-चांदी के जेवरात के लालच में अधेड़ उम्र के व्यक्ति को बेचकर जबरन बाल विवाह कराने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के विरोध में मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी तथा पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि बच्ची के माता-पिता ने ही लालच में आकर अपनी 13 वर्षीय बेटी का सौदा कर दिया। शिकायत के अनुसार एक दलाल के माध्यम से बच्ची को चूरू जिले के एक अधेड़ व्यक्ति को सौंपा गया और 6 जुलाई 2026 को उसका जबरन बाल विवाह करा दिया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह केवल बाल विवाह का मामला नहीं, बल्कि मानव तस्करी और नाबालिग के सौदे का गंभीर प्रकरण है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाना चाहिए।

‘6 जुलाई को दी थी शिकायत, पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की’

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना का खुलासा 6 जुलाई को ही हो गया था और उसी दिन स्थानीय थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि इसी देरी का फायदा उठाकर आरोपियों ने बच्ची को डरा-धमकाकर अपने पक्ष में बयान दिलवा दिए। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि यदि शुरूआत में ही प्रभावी कार्रवाई होती तो आरोपियों को साक्ष्यों से छेड़छाड़ और पीड़िता को प्रभावित करने का मौका नहीं मिलता।

‘संगठित गिरोह की भूमिका की हो जांच’

एसपी को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। उनका कहना है कि यह केवल एक शादी का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित गिरोह की करतूत हो सकती है। ग्रामीणों ने मांग की कि विवाह समारोह में शामिल हलवाई, टेंट संचालक, विवाह कराने वाले पंडित तथा अन्य बिचौलियों को भी सह-आरोपी बनाकर पूछताछ की जाए, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके और मासूम बच्ची को न्याय मिल सके।

एसपी कावेंद्र सिंह सागर बोले- जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई

मामले में पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने कहा कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्ची की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़िता को न्याय मिल सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।