11 सूत्री मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ का देशव्यापी प्रदर्शन आज

झुंझुनूं में जिला कलेक्टर मुख्यालय पर होगा धरना-प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन, ईएसआईसी वेतन सीमा 42 हजार करने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 7,500 रूपये करने सहित कई मांगें उठेंगी

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय निर्णय के अनुसार श्रमिक एवं कर्मचारी वर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर 17 अगस्त को देशव्यापी प्रदर्शन किया जाएगा। झुंझुनूं में भारतीय मजदूर संघ की ओर से जिला कलेक्टर मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन आयोजित कर प्रधानमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा। आंदोलन में बड़ी संख्या में श्रमिकों एवं संघ के कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। भारतीय मजदूर संघ के जिलामंत्री संदीप धाभाई ने बताया कि सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों, डाक एवं बीमा क्षेत्र, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, संविदा कर्मचारियों, योजना कर्मियों तथा असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हजारों श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर यह प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 11 सूत्री मांगों के माध्यम से श्रमिकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को केंद्र सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।संदीप धाभाई ने बताया कि संघ की प्रमुख मांगों में ईएसआईसी की वेतन सीमा बढ़ाकर 42 हजार रूपये करने, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने तथा उस पर महंगाई राहत लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा ईपीएफ वेतन सीमा 15 हजार रूपये से बढ़ाकर 30 हजार रूपये करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई जाएगी।इसी प्रकार बोनस की गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा 18 हजार रूपये निर्धारित करने तथा बोनस पात्रता की सीमा 42 हजार रूपये करने सहित श्रमिक एवं कर्मचारी वर्ग से संबंधित अन्य मांगों को भी ज्ञापन में शामिल किया जाएगा।जिलामंत्री संदीप धाभाई ने भारतीय मजदूर संघ से जुड़े सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं श्रमिकों से अपील की कि वे 17 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में जिला कलेक्टर मुख्यालय पहुंचें और धरना-प्रदर्शन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि संगठित होकर अपनी मांगों को शासन के समक्ष मजबूती से रखना ही इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि श्रमिक और कर्मचारी वर्ग की लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाते हुए केंद्र सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाई जाएगी। भारतीय मजदूर संघ ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्यक्रम में भाग लेने का आह्वान किया है।

चूरू में 100 फुटवियर कारीगरों को टूल किट और प्रमाण पत्र | राठौड़-सहारण ने किया सम्मानित