स्वतंत्रता दिवस पर राठौड़ और सहारण ने किया ध्वजारोहण, राष्ट्रहित में योगदान का दिलाया संकल्प



चूरू। देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम के उत्साह के बीच सफेद घंटाघर के समीप स्थित भाजपा कार्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ एवं विधायक हरलाल सहारण ने ध्वजारोहण किया। तिरंगा फहराते ही कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से संभव हुई। उन्होंने कहा कि आजादी के मूल्यों को समझते हुए हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत विकास के नए आयाम छू रहा है और हर नागरिक को राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से विकसित, मजबूत और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। भाजपा जिलाध्यक्ष बसंत शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की प्रतिष्ठा, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने तथा देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में चंद्राराम गुरी, वासुदेव चावला, हेम सिंह, विक्रम कोटवाद, सुरेश सारस्वत, अख्तर खान, धर्मेंद्र राकसीया, मदन गोपाल बालान, सीताराम लुगरिया, मोहनलाल साहू, सुशील लाटा, सत्तार खान और कपिल रक्षक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




















