सीएम को ज्ञापन देने पैदल जा रही छात्राओं को पुलिस ने रोका, दुर्व्यवहार का लगाया आरोप; विधायक रूबी कुन्नर ने अधिकारियों को दी चेतावनी



श्रीगंगानगर। मनजीत सिंह
श्रीकरणपुर क्षेत्र के 56 एफ स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक के तबादले का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शिक्षक रविंद्र कम्बोज के स्थानांतरण के बाद से छात्राएं धरने पर बैठी थीं। बुधवार को छात्राएं मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने के लिए पैदल रवाना हुईं, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। इसके बाद छात्राओं ने पुलिसकर्मियों पर कथित दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए।छात्राओं को रोके जाने के विरोध में मामला और गरमा गया। विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूपिंदर सिंह रूबी कुन्नर के नेतृत्व में ग्रामीणों ने गांव 55 एफ जोरावर के पास भारतमाला रोड NH-911 पर जाम लगा दिया।
DYSP को निलंबित करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मामले में DYSP पुष्पेंद्र को निलंबित करने की मांग उठाई। विधायक रूबी कुन्नर ने कहा कि छात्राएं अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रही थीं, लेकिन उन्हें रोक दिया गया।उन्होंने अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर छात्राओं और ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
‘आधे घंटे में अधिकारी नहीं पहुंचे तो करेंगे कूच’
विधायक रूबी कुन्नर ने ऐलान किया कि यदि आधे घंटे के भीतर संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को ठोस आश्वासन नहीं देते हैं तो ग्रामीण और छात्राएं अनूपगढ़ की ओर कूच करेंगे। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा।फिलहाल शिक्षक के तबादले और छात्राओं के प्रदर्शन को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारियों की मांगों और पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।






















