थाना टॉप – टेन में शामिल ख्यालीराम को नीमकाथाना जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाई पुलिस, साथी रवि पहले ही पकड़ा जा चुका
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE


चिड़ावा। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
चिड़ावा कस्बे में घर से सोने के आभूषण, नकदी और घरेलू सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना स्तर की टॉप- टेन सूची में शामिल मुख्य आरोपी ख्यालीराम को गिरफ्तार किया है। आरोपी को उप कारागृह नीमकाथाना से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को परिवादी परिवार सहित घर से बाहर गया हुआ था। वापस लौटने पर घर के मुख्य गेट और अलमारी के ताले टूटे मिले तथा कमरे का सामान बिखरा हुआ था। अज्ञात चोर घर से सोने के आभूषण , 20 हजार रूपए नकद, घरेलू सामान एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कड़ियां जोड़ते हुए आरोपी रवि कुमार को गिरफ्तार किया तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की। जांच आगे बढ़ने पर ख्यालीराम पुत्र मदनलाल, उम्र 37 वर्ष, निवासी गावड़ी, थाना सदर नीमकाथाना, जिला सीकर को मामले का मुख्य आरोपी नामजद किया गया। ख्यालीराम को थाना स्तर की टॉप-टेन वांछित सूची में शामिल कर उसकी तलाश की जा रही थी।पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 अगस्त 2026 को ख्यालीराम को उप कारागृह नीमकाथाना से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त किया। इसके बाद प्रकरण में पूछताछ एवं अनुसंधान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से चोरी की इस वारदात के साथ-साथ अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य आरोपी ख्यालीराम के खिलाफ पूर्व में चोरी और नकबजनी सहित 15 प्रकरण दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्तता के चलते उसका नाम थाना स्तर की टॉप-टेन सूची में शामिल किया गया था।पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से मामले का खुलासा किया। कार्रवाई में शामिल टीम मे थानाधिकारी लक्ष्मी चंद वर्मा, उप निरीक्षक भीवाराम, सहायक उप निरीक्षक अनिल कुमार, कांस्टेबल अमित सिंह (आसूचना अधिकारी), आरटी निखिल, आरटी पिंटू तथा कांस्टेबल नेमीचंद शामिल रहे। पुलिस ने अमित सिंह के विशेष योगदान का भी उल्लेख किया है।










