रैली, जल पूजन, श्रमदान, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त बाजार अभियान के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश , नगर परिषद ने लगाए जल सेवा केंद्र
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान-2026’ के तहत रविवार को नगर परिषद झुंझुनूं द्वारा शहर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रैली, प्रभात फेरी, जल पूजन, श्रमदान, वृक्षारोपण और प्लास्टिक मुक्त अभियान जैसे कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल बचाने का संकल्प लिया। अभियान के तहत सुबह 7 बजे स्वर्ण जयंती स्टेडियम से कलक्ट्रेट सर्किल तक विशाल प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़, वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान के जिला संयोजक राकेश शर्मा।, मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम, एसीईओ रामनिवास, भाजपा जिला महामंत्री दलीप सैनी, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे और नागरिकजन शामिल हुए। रैली के माध्यम से जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण बचाने का संदेश दिया गया। इसके बाद सुबह 8 बजे समस तालाब पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेन्द्र भाम्बू रहे। इस दौरान जल पूजन, पीपल पूजन, श्रमदान एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण और जल स्रोतों के संवर्धन का संकल्प लिया गया। समारोह में पूर्व सांसद नरेन्द्र खीचड़, जिला कलक्टर अरूण गर्ग, विशम्भर पूनियां, सीईओ परशुराम, एसीईओ रामनिवास, जिला संयोजक राकेश शर्मा, दलीप सैनी, विजय सैनी, जयप्रकाश सैनी, चन्द्र प्रकाश शुक्ला, कुलदीप पूनियां, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

राहगीरों के लिए लगाए गए जल सेवा केंद्र
भीषण गर्मी को देखते हुए नगर परिषद द्वारा शहर के प्रमुख स्थानों पर जल सेवा केंद्र स्थापित किए गए। सूचना केंद्र, रेलवे स्टेशन, राजकीय बीडीके अस्पताल, पीरूसिंह सर्किल, रोडवेज बस स्टैंड, पंचदेव मंदिर तथा समस तालाब के निकट लगाए गए इन केंद्रों पर राहगीरों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।
प्लास्टिक मुक्त झुंझुनूं का दिया संदेश
अभियान के तहत नगर परिषद की टीम ने बाजार क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को प्लास्टिक थैलियों के उपयोग से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान के बारे में जागरूक किया। नगर परिषद सचिव रूचिका बिजारणिया, मुख्य स्वच्छता अधिकारी अंगीश कुमावत तथा राजस्व अधिकारी चिरंजीलाल के नेतृत्व में व्यापारियों और आमजन को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े के थैले अपनाने की अपील की गई। इस दौरान लोगों को कपड़े के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण में भागीदारी का संदेश दिया गया। नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या ने कहा कि जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व हैं। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही जल बचाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।।
जल बचाने का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
‘वंदे गंगा जल संरक्षण एवं जन अभियान’ के तहत आयोजित कार्यक्रमों ने यह संदेश दिया कि जल और पर्यावरण की रक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। अभियान में उमड़ी सहभागिता ने इसे एक जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर दिया।












