ईओ नागरमल गुर्जर की चेतावनी— सरकारी जमीन पर कब्जा किसी भी कीमत पर नहीं होगा बर्दाश्त, दोबारा अतिक्रमण पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे के चांदमारी रोड स्थित नगरपालिका की सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ गुरूवार को नगरपालिका प्रशासन ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन से अवैध निर्माण हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हलचल रही और मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट गई, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जानकारी के अनुसार चांदमारी रोड पर नगरपालिका की खाली भूमि पर कुछ लोगों द्वारा कब्जा कर मकान निर्माण का प्रयास किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही नगरपालिका प्रशासन हरकत में आया और राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की और जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी नागरमल गुर्जर ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा नगरपालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है और शहर में समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सरकारी भूमि को सुरक्षित रखा जाएगा। जहां भी अवैध कब्जे की शिकायत मिलेगी, वहां नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि दोबारा सरकारी भूमि पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया गया तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध राजस्थान नगर पालिका अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगरपालिका प्रशासन ने आमजन से भी अपील की कि वे सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण न करें तथा कहीं भी अतिक्रमण की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार धीरेन्द्र यादव, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नागरमल गुर्जर, नगरपालिका एसआई सुनील सैनी, नगेंद्र कुमार, खेतड़ी थाना के एएसआई महिपाल सिंह, कैलाश चंद सहित पुलिस जाब्ता एवं नगरपालिका कार्मिक मौजूद रहे।














