सीडीईओ अशोक शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश— नामांकन बढ़ाएं, वृक्षारोपण और डिजिटल रिपोर्टिंग में लाएं गति
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
राज्य स्तरीय शाला दर्पण रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद शिक्षा विभाग ने अब इस उपलब्धि को बरकरार रखने और शैक्षणिक गुणवत्ता में और सुधार लाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में सोमवार को मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी (समग्र शिक्षा) अशोक शर्मा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) सभागार, झुंझुनूं में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी 11 ब्लॉकों की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की गहन समीक्षा करते हुए विद्यालयवार नामांकन, स्थानांतरण के कारण ताला बंद विद्यालयों की स्थिति, ब्लॉकवार नामांकन प्रगति, वृक्षारोपण अभियान के लक्ष्य, राजकीय नर्सरियों से प्राप्त, रोपित एवं जियो-टैग किए गए पौधों की संख्या, ‘कर्मभूमि से मातृभूमि’ अभियान की प्रगति, युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण, जिला शाला दर्पण रैंकिंग तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों के वितरण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा लंबित कार्यों को तय समय सीमा में पूर्ण किया जाए। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में नवाचार अपनाने, डिजिटल रिपोर्टिंग को अधिक प्रभावी बनाने और वृक्षारोपण अभियान के तहत अधिकाधिक पौधारोपण एवं जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) मुख्यालय राजेंद्र खीचड़, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) मुख्यालय संतोष साहू, जिले के सभी 11 ब्लॉकों के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी तथा अन्य शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सहायक निदेशक कपिल कुलहरी ने किया। बैठक के दौरान जून माह की राज्य स्तरीय शाला दर्पण रैंकिंग में झुंझुनूं जिले को प्रदेश में प्रथम स्थान मिलने पर उपस्थित शिक्षा अधिकारियों ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा का अभिनंदन किया। अधिकारियों ने उनके नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य जारी रखने और जिले को नई उपलब्धियों तक पहुंचाने का संकल्प भी व्यक्त किया। बैठक के अंत में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नामांकन वृद्धि, वृक्षारोपण, डिजिटल रिपोर्टिंग तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से झुंझुनूं को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें ।
यह भी पढ़े :— सघन हैल्थ स्क्रीनिंग अभियान : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान दिवस पर 6208 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
चंदेल नगर में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान | जलदाय विभाग को आंदोलन की चेतावनी | Churu News











