Advertisement
Home राजस्थान चूरू लायंस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सेवा व समर्पण का...

लायंस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, सेवा व समर्पण का लिया संकल्प

एडवोकेट संजीव कुमार वर्मा ने संभाली अध्यक्ष की कमान

चूरू। स्थानीय दादाबाड़ी में लायंस क्लब चूरू की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार शाम समारोह पूर्वक हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान क्लब के पदाधिकारियों ने मंचस्थ अतिथियों का स्वागत किया। निवर्तमान अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कार्यक्रम की घोषणा की। सुनील रंजन टकनेत ने ध्वज वंदना, विश्व शांति हेतु मौन प्रार्थना व राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में सुजानगढ़, झुंझुनूं, सीकर, रतनगढ़, फतेहपुर के लायंस क्लब के सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। निवर्तमान अध्यक्ष राजीव शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए अपने कार्यकाल की उपलब्धियों व क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्लब ने सदैव समाजसेवा, मानवीय संवेदना और संगठनात्मक अनुशासन को प्राथमिकता दी है तथा यह उपलब्धियाँ सभी सदस्यों के समर्पण, सहयोग और निरंतर प्रयासों का ही परिणाम हैं। उन्होंने नई कार्यकारिणी को बधाई देते हुए कहा कि नई टीम भी इसी परंपरा के अनुरूप क्लब को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। इस दौरान मुख्य वक्ता एम.जे.एफ. गोविन्द शर्मा तथा पीएमसीसी व पूर्व प्रांतपाल ने क्लब के दो नए सदस्यों को शपथ दिलाई और क्लब की सेवा भावना, नेतृत्व, सदस्यता विस्तार व सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित किया। एम.जे.एफ. लायन रोशन सेठी ने वर्ष 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष संजीव कुमार वर्मा, निवर्तमान अध्यक्ष राजीव शर्मा, प्रथम उपाध्यक्ष ताराचन्द प्रजापत, द्वितीय उपाध्यक्ष मनोज जांगिड़, तृतीय उपाध्यक्ष मुकुल सिगतिया, सचिव महेन्द्र धानुका, सह सचिव आबिद खान, कोषाध्यक्ष राजीव चाहर, सह कोषाध्यक्ष अशोक जांगिड़, टेमर कमल जांगिड़ व टेल-ट्वीस्टर शंकरलाल सैनी व निदेशक मंडल में प्रमोद सगतानी, दीनदयाल सैनी, महेन्द्र राजगढ़िया व पवन जांगिड़ ने पद व गोपनीयता की शपथ ली। क्लब प्रशासनिक व समिति चेयरपर्सन सुनील रंजन टकनेत, मेम्बरशिप ग्रोथ कमेटी के चेयरपर्सन चन्द्रप्रकाश खत्री, क्लब मार्केटिंग के चेयरपर्सन बालकिशन राजगढ़िया, क्लब सर्विस चेयरपर्सन शैलेन्द्र माथुर व रामचन्द्र राजोतिया ने भी अपने दायित्वों की शपथ ली। नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन संजीव कुमार वर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल सेवा, संवेदना, सहभागिता व विकास की भावना पर आधारित होगा। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य सेवा, रक्तदान, नेत्र जांच शिविर, शिक्षा, स्कूली छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास, कैरियर मार्गदर्शन, महिला सशक्तिकरण व जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही। पूर्व प्रांतपाल श्रवण केजरीवाल ने सेवा को लायंस की सबसे बड़ी पहचान बताते हुए नई कार्यकारिणी को समर्पण और अनुशासन के साथ कार्य करने का संदेश दिया। रीजन चेयरपर्सन अनुराग शर्मा, जोन चेयरपर्सन बबीता कुमावत व पूर्व प्रांतीय सचिव प्रदीप शेरेवाला ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम संयोजक बालकिशन राजगढ़िया ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में लायंस इंटरनेशनल के वरिष्ठ पदाधिकारी व बड़ी संख्या में लायंस क्लब के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन चंद्रप्रकाश खत्री ने किया।

Advertisement