स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
खेतड़ी । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के बडाऊ सीएचसी का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन, दवा एवं जांच सुविधाओं तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।सीएचसी बड़ाऊ में सीएमएचओ डॉ. गुर्जर ने मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना के अंतर्गत दवाओं की उपलब्धता तथा मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना के तहत मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही जांच सेवाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र पर आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. गुर्जर ने मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य (मा) योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पैकेज बुक करने तथा पात्र मरीजों को योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही संस्थागत प्रसव की संख्या बढ़ाने, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. रामकला यादव सहित चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। सीएमएचओ ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्वच्छता, रिकॉर्ड संधारण, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।










