दृष्टि और प्रिंसी ने जीते स्वर्ण, अमन ने कांस्य पदक; राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ चयन
ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK YOUTUBE
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शेखावाटी पब्लिक स्कूल, हेतमसर के खिलाड़ियों ने सीबीएसई वेस्ट जोन जूडो चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय, जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। गुजरात के वडोदरा में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन खिलाड़ियों ने एक साथ पदक जीतकर बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। प्रतियोगिता में कक्षा 8 की छात्रा दृष्टि ने 48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं कक्षा 9 की छात्रा प्रिंसी ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा कक्षा 12 के छात्र अमन ने 55 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ा। पदक जीतकर विद्यालय पहुंचने पर तीनों खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षक सोमेश महला का विद्यालय परिवार की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर दीपिका मित्तल, एकेडमिक डायरेक्टर ज्योति मित्तल तथा प्राचार्य जे.एस. फौजदार ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर भी विद्यालय का नाम रोशन करेंगे। कोच सोमेश महला ने बताया कि वेस्ट जोन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली दृष्टि और प्रिंसी का चयन अब 28 सितंबर से आयोजित होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय जूडो चैंपियनशिप के लिए हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, राजस्थान और जिले का नाम देशभर में गौरवान्वित करेंगी। वहीं कांस्य पदक विजेता अमन की उपलब्धि भी विद्यालय के लिए प्रेरणादायी है। विद्यालय परिवार ने तीनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे खेलों के क्षेत्र में विद्यालय की निरंतर उत्कृष्ट परंपरा का प्रतीक बताया।














