लगातार धमकी भरे कॉल और वॉयस मैसेज से दहशत, परिवार को जान से मारने की धमकी; पुलिस ने शुरू की जांच
चिड़ावा। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
कस्बे में एक बार फिर लॉरेंस गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने का मामला सामने आने से व्यापारिक और सामाजिक वर्ग में चिंता का माहौल है। पिलानी रोड स्थित एक डिफेंस एकेडमी के संचालक विकास कुलहरी से अज्ञात बदमाश ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य ‘सुंदर हांसी’ बताते हुए 5 करोड़ की रंगदारी मांगी है। रकम नहीं देने पर संचालक और उनके परिवार को जान से मारने तथा सिर में गोली मारने की धमकी दी गई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 19 जून से 24 जून के बीच अलग-अलग मोबाइल नंबरों से लगातार धमकी भरे कॉल और वॉयस मैसेज किए गए। शुरूआत में आरोपी ने 2 करोड़ की रंगदारी मांगी, लेकिन बाद में मांग बढ़ाकर 5 करोड़ कर दी। आरोपी ने मानसिक दबाव बनाने के लिए पीड़ित की पत्नी के डाकघर में कार्यरत होने की जानकारी भी दी और दावा किया कि वह परिवार की हर गतिविधि और लोकेशन पर नजर रखे हुए है।लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर विकास कुलहरी ने 25 जून को चिड़ावा थाने में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एसआई कैलाशचंद्र कर रहे हैं तथा धमकी देने वाले नंबरों और वॉयस मैसेज की तकनीकी पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि चिड़ावा क्षेत्र में लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी और रंगदारी मांगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले पूर्व नगराध्यक्ष अनूप भोरिया, किराना व्यवसायी कमल कुमावत तथा लालचंद पेड़े वाला फर्म के संचालक सुभाष राव को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों ने पुलिस के सामने चुनौती खड़ी कर दी है और आमजन में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।










