मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का जताया आभार, कहा— पेयजल, सिंचाई और भूजल स्तर सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा समझौता
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
भाजपा नेता इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने हरियाणा-राजस्थान के बीच हुए ऐतिहासिक यमुना जल समझौते को शेखावाटी अंचल के लिए “वरदान” बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त किया है। मंगलवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह ऐतिहासिक समझौता संभव हो सका, जिससे वर्षों से यमुना जल की प्रतीक्षा कर रहे शेखावाटी क्षेत्र की उम्मीदों को नई उड़ान मिली है। इंजी. ढूकिया ने कहा कि दशकों से चूरू, सीकर और झुंझुनूं जिले यमुना जल से वंचित रहे हैं। अब इस समझौते के प्रभावी क्रियान्वयन से इन जिलों में पेयजल संकट कम होगा, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा और कृषि क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही भूजल स्तर में सुधार होने से आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जल संरक्षण का मजबूत आधार तैयार होगा। उन्होंने कहा कि समझौते के तहत राजस्थान को हथिनीकुंड बैराज से मानसून के दौरान अपने हिस्से का पानी मिलेगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही जल समस्या के समाधान का रास्ता प्रशस्त होगा। यह केवल एक जल समझौता नहीं, बल्कि शेखावाटी के विकास, समृद्धि और खुशहाली का नया अध्याय है। भाजपा नेता इंजी. ढूकिया ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत ने जिस शेखावाटी को यमुना जल उपलब्ध कराने का सपना देखा था, उसे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपनी दूरदृष्टि और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के बल पर साकार कर दिखाया है। उन्होंने इसे प्रदेश सरकार की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलेगा।ढूकिया ने इस मुद्दे पर कांग्रेस को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो दल वर्षों तक सत्ता में रहने के बावजूद शेखावाटी को उसका जल अधिकार नहीं दिला सके, वे आज इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर राजनीति कर रहे हैं। जनता सब कुछ देख रही है और विकास की राजनीति तथा अवसरवादी राजनीति के बीच का अंतर भली-भांति समझती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यमुना जल समझौता शेखावाटी के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा और आने वाले वर्षों में यह क्षेत्र पेयजल, सिंचाई और जल संरक्षण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।










