Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं तीरंदाजी में झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों का प्रदेश में...

तीरंदाजी में झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों का प्रदेश में परचम

झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के तीरंदाजी पदक विजेता खिलाड़ी रितिक, जीविका वर्मा, हैप्पी और साक्षी

रितिक ने स्वर्ण जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बनाई जगह , जीविका वर्मा ने रजत तो हैप्पी और साक्षी ने कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया झुंझुनूं का गौरव

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
तीरंदाजी के मैदान में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल, झुंझुनूं के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, सटीक निशाने और शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रदेश स्तर पर विद्यालय का परचम लहराया है। राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीतकर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। छात्र रितिक ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया, वहीं जीविका वर्मा ने रजत तथा हैप्पी और साक्षी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया।

रितिक का स्वर्णिम निशाना, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दिखाएंगे दमखम

उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित हरिश्चंद्र मिश्रा स्कूल में आयोजित सीबीएसई तीरंदाजी प्रतियोगिता की 30 मीटर राज्य स्तरीय स्पर्धा में झुंझुनूं के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रितिक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रितिक की इस उपलब्धि ने विद्यालय की खेल प्रतिभा को नई पहचान दी है। स्वर्णिम सफलता के साथ ही रितिक का चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के तहत दिसंबर माह में महाराष्ट्र के अमरावती में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उनसे उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद है।

हनुमानगढ़ में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा जीविका वर्मा ने अंडर-17 बालिका वर्ग में अपनी निशानेबाजी का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जीविका ने 30 मीटर दूरी पर 326 और 20 मीटर दूरी पर 333 स्कोर अर्जित किया। प्रदेश के 41 जिलों की 84 छात्राओं के बीच हुई कड़ी प्रतिस्पर्धा में जीविका ने दूसरा स्थान हासिल कर रजत पदक पर कब्जा जमाया। उनकी इस उपलब्धि ने साबित किया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के दम पर खेल के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। गंगानगर में आयोजित राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल के खिलाड़ियों हैप्पी और साक्षी ने 14 वर्षीय वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीते। दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता से विद्यालय के पदक खाते में दो और उपलब्धियां जुड़ गईं। चार विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों ने तीरंदाजी में प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल की मजबूत खेल प्रतिभा को उजागर किया है।

मेहनत, अनुशासन और बेहतर प्रशिक्षण का परिणाम : डॉ. जी.एल. कालेर

विद्यार्थियों की शानदार सफलता पर प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान के विद्यार्थी खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयां छू रहे हैं, जो पूरे समूह के लिए गर्व की बात है। संस्थान विद्यार्थियों को खेलकूद के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सुविधा और प्रोत्साहन उपलब्ध कराता रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि रितिक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर संस्थान और जिले का नाम रोशन करेंगे।

शिक्षा के साथ खेलों को भी विशेष महत्व : निर्मल कालेर

संस्थान के निदेशक निर्मल कालेर ने कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेलकूद को भी विशेष महत्व दिया जाता है। विद्यार्थियों की रूचि और प्रतिभा को निखारने के लिए बेहतर प्रशिक्षण तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सभी पदक विजेता विद्यार्थियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर संस्थान के एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ. अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्थान में खुशी का माहौल है।

Advertisement