Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं भामाशाह परिवार ने पुस्तकालय में कराई स्थायी पेयजल व्यवस्था, विद्यार्थियों को बड़ी...

भामाशाह परिवार ने पुस्तकालय में कराई स्थायी पेयजल व्यवस्था, विद्यार्थियों को बड़ी राहत

2 हजार लीटर की टंकी, मोटर व फिटिंग लगवाकर उपलब्ध कराया स्वच्छ पेयजल, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ

खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सामाजिक सरोकार निभाते हुए भामाशाह परिवार ने खेतड़ी के राजकीय सार्वजनिक पंचायत समिति पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों और पाठकों के लिए स्थायी पेयजल व्यवस्था उपलब्ध कराकर एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। अब पुस्तकालय में आने वाले सैकड़ों विद्यार्थियों को वर्षभर स्वच्छ एवं निःशुल्क पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। जानकारी के अनुसार भामाशाह मायादेवी की ओर से पुस्तकालय परिसर में दो हजार लीटर क्षमता की पानी की टंकी, मोटर तथा आवश्यक पाइपलाइन एवं फिटिंग लगवाकर स्थायी पेयजल व्यवस्था कराई गई है। इसके शुरू होने से लंबे समय से महसूस की जा रही पेयजल समस्या का समाधान हो गया है। पुस्तकालय के कनिष्ठ सहायक सुमन चौधरी एवं प्रेरक जितेंद्र जांगिड़ ने बताया कि पुस्तकालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अध्ययन करने आते हैं। ऐसे में विशेष रूप से गर्मी के मौसम सहित पूरे वर्ष स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता आवश्यक थी। इस आवश्यकता को देखते हुए भामाशाह उमेश अग्रवाल से संपर्क किया गया। उन्होंने सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए बिना विलंब इस कार्य को सहर्ष स्वीकार किया और शीघ्र ही पेयजल व्यवस्था स्थापित करवा दी।पुस्तकालय में अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों एवं अन्य पाठकों ने इस जनहितकारी पहल पर भामाशाह परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें अध्ययन के दौरान पेयजल के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनका समय बचेगा और बेहतर वातावरण में पढ़ाई कर सकेंगे। पुस्तकालय प्रशासन ने भी भामाशाह परिवार के इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम एवं संवेदनशील लोगों की सहभागिता से सार्वजनिक संस्थानों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार संभव हो रहा है। प्रशासन ने भामाशाह परिवार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर समाजसेवा की कामना की।

Advertisement