खेतड़ी के ढोसी गांव में जमीन विवाद में बेटे ने ट्रैक्टर से पिता को कुचला, मौत; तीन साल से चल रहा था विवाद

खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मेहाड़ा थाना क्षेत्र के ढोसी गांव में जमीन विवाद में एक बेटे ने अपने पिता को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी। इस दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि थाना क्षेत्र के ढोसी गांव में पिता और बेटे के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। जिसको लेकर वारदात को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि मृतक के दामाद बाढड़ा निवासी राकेश कुमार ने रिपोर्ट दी कि रात करीब साढ़े दस बजे ढोसी निवासी महावीर प्रसाद (65) पुत्र रामधन धर्मशाला के पास बैठा हुआ था। इस दौरान महावीर प्रसाद का बेटा शमशेर सिंह वहां आया तथा अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपी अपने पिता के साथ मारपीट करते हुए सड़क पर ले आया। इसके बाद उसने वहां खड़े अपने टैक्टर से महावीर प्रसाद को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी, जिससे महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के दौरान काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए तथा घायल को खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मेहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक के दामाद ने मेहाड़ा थाने में आरोपी बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मामले को लेकर पुलिस ने शव को राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया, जहां मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ होने की बात सामने आई है। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शमशेर सिंह व महावीर प्रसाद के बीच तीन साल से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कई बार रिस्तेदारो ने बैठाकर समझाइश भी की थी। विवाद के चलते आरोपी अपने पिता से अलग रहता था। मृतक महावीर प्रसाद के चार बेटी व एक बेटा भी है। मृतक खेती बाड़ी का काम करता है। घटना के समय महावीर प्रसाद की पत्नी अपनी रिस्तेदारी में घरड़ाना गई हुई थी। बेटियों की शादी कर रखी है तथा आरोपी बेटे के दो बेटी व एक बेटा है। थानाधिकारी ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।