खेतड़ी में रक्तदान शिविर का आयोजन, युवाओं ने किया 103 यूनिट रक्तदान

खेतड़ी I झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के कोलिहान नगर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर थे, जबकि अध्यक्षता सरपंच रमेश सैनी ने की। शिविर को संबोधित करते हुए विधायक इंजी. धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और किसी दुर्घटना, गंभीर बीमारी अथवा आपातकालीन स्थिति में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर रक्तदाताओं द्वारा किया गया योगदान किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक बन सकता है। उन्होंने रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए बताया कि स्वस्थ व्यक्ति के लिए रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित है तथा इससे स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता। शिविर के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित रक्त संग्रह की प्रक्रिया पूरी की। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का सम्मान किया गया तथा उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और बड़ी संख्या में युवा इस पुनीत कार्य से जुड़ रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान डीएसएम ब्लड बैंक चिड़ावा की टीम ने 103 यूनिट रक्त का संग्रहण किया। इस मौके पर विकास कुमार, सचिन सैनी, राहुल, नरेश कुमार,मनोहर लाल, इंद्राज गुर्जर, सुरेश सैनी, हरचंद सहित अनेक लोग मौजूद रहें I