मुकुंदगढ़ । झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जन-जन के आराध्य संत परमहंस बावलिया बाबा का वार्षिक उत्सव विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उत्सव के दौरान क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा तथा हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। बुधवार रात्रि को आयोजित भजन संध्या में संतों एवं स्थानीय भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दी। जिससे श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कार्यक्रम में विशेष रूप से रोशननाथ महाराज एवं डॉ. शैलेंद्रनाथ अधोरी का सानिध्य प्राप्त हुआ। संतों के मार्गदर्शन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। मंदिर के पुजारी रामगोपाल शर्मा, घनश्याम शर्मा एवं पवन पचलंगिया ने संतों का सम्मान किया। इस अवसर पर संतों ने धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो व्यक्ति धर्म के मार्ग पर चलता है। वह जीवन में अवश्य सफलता प्राप्त करता है। गुरुवार प्रातः प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। जो मंदिर परिसर से रवाना होकर मुख्य बाजार के विभिन्न मार्गों से निकाली गई। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा के जयकारे लगाए। इसके पश्चात मंदिर में महाआरती कर बाबा को भोग लगाया गया तथा विशाल भंडारे का आयोजन शुरू हुआ। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मेले एवं भंडारे में आए हजारों भक्तों ने बाबा के धोक लगाकर मन्नतें मांगी और प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।










