विधायक बोले- मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार हर समय जनता के बीच मौजूद है
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का विधायक राजेंद्र भांबू ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों और टेबलों पर पहुंचकर विभागवार प्रगति की जानकारी ली तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने का आह्वान किया। विधायक भांबू ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार हर समय जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रही है। शिविरों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिल सके। निरीक्षण के दौरान विधायक भांबू ने लाभार्थियों को पट्टों का वितरण किया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों को 50-50 हजार रूपये तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को 15-15 हजार रूपये के चैक वितरित किए। मंगला पशु बीमा योजना के तहत भी पात्र लाभार्थियों को स्वीकृतियां प्रदान की गईं। शिविर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए पौधों का वितरण भी किया गया। नगर परिषद के कार्यवाहक आयुक्त एवं अधिशासी अभियंता रविंद्र कुमार मीणा ने विधायक को शिविर की अब तक की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया। इस दौरान विधायक ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। विधायक भाम्बू ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर सरल और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराना है। विधायक भाम्बू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आधारभूत ढांचे, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्षेत्रों में देश ने नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने राज्य सरकार को जवाबदेह और पारदर्शी बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की कार्यशैली की सराहना की।उन्होंने नगर परिषद प्रशासन, आयुक्त और शिविर में कार्यरत अधिकारियों-कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ तेजी से उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही आमजन से अपील की कि वे अपने मोहल्लों और गांवों में जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करें और अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। इस अवसर पर पार्षद अशोक प्रजापति, प्रमोद बुडानिया, रवि गुप्ता बिरमीवाला सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










