पिता बोले— घर से बुलाकर ले गया, बेटे की हत्या कर शव कार में छोड़ फरार; गिरफ्तारी की मांग पर मॉर्च्यूरी के बाहर धरना
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले के धनूरी थाना क्षेत्र के चुड़ैला गांव में 24 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक कार में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, जिससे मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए नामजद कार्रवाई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी के बाहर धरना शुरू कर दिया। मृतक की पहचान चंदन पुत्र सतीश निवासी चुड़ैला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार बुधवार शाम करीब 7 बजे एक कार में युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। हालांकि परिजनों ने इसे सीधे तौर पर हत्या का मामला बताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। मृतक के पिता सतीश ने आरोप लगाया कि उनका बेटा चंदन 15 जून को चेन्नई से घर लौटा था, जहां वह लोहे की खिड़कियां बनाने का काम करता था। उन्होंने बताया कि 16 जून की सुबह रौनक नामक युवक फोन कर चंदन को घर से अपने साथ ले गया था। सतीश का आरोप है कि जब उन्होंने बाद में चंदन के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन रौनक ने उठाया और अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने कहा कि उनका बेटा घर से सकुशल गया था और बाद में उसका शव कार में मिला, इसलिए यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है। परिजनों ने रौनक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।
शव मिलने से गांव में आक्रोश
परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि चंदन की मौत सामान्य परिस्थितियों में नहीं हुई है। उनका आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कार में छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।सरपंच प्रतिनिधि राजीव तिलोटिया सहित ग्रामीणों ने धनूरी थाना पुलिस पर लापरवाही और संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इतनी गंभीर घटना की सूचना मिलने के बावजूद थानाधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे और कथित रूप से अन्य कार्यों में व्यस्त रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
परिवार को सहायता और न्याय की मांग
जानकारी के अनुसार चंदन परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी आय से ही पूरे परिवार का भरण-पोषण होता था। परिवार में माता-पिता के अलावा पांच बहनें हैं। ग्रामीणों ने राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर जांच की जा रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। फिलहाल परिजन और ग्रामीण आरोपियों की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि तथ्यात्मक जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।












