बबाई थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने दबोचा वांछित आरोपी
खेतड़ी । झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बबाई थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए स्थायी वारंटी राजपाल उर्फ हाथिड़ा को गिरफ्तार कर संबंधित पुलिस थाने को सुपुर्द कर दिया। आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट में वांछित चल रहा था। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा खेतड़ी वृत्ताधिकारी जुल्फीकार अली के निकट पर्यवेक्षण में बबाई थाना पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। थानाधिकारी राजपाल उपनिरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 31 मई 2026 को कार्रवाई करते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट खेतड़ी द्वारा जारी स्थायी वारंट में वांछित राजपाल उर्फ हाथिड़ा पुत्र मालाराम निवासी दलेलपुरा, थाना बबाई, जिला झुंझुनूं को दस्तयाब किया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस थाना शाहजहांपुर, जिला कोटपुतली-बहरोड़ को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कार्रवाई में राजपाल, उपनिरीक्षक एवं थानाधिकारी, पुलिस थाना बबाई , जितेन्द्र कुमार, हैड कांस्टेबल , राजेन्द्र कुमार, कांस्टेबल , बनवारीलाल, कांस्टेबल शामिल रहें । इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ और लंबित वारंटों के निष्पादन के लिए अभियान आगे भी पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगा।










