खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
सिंघाना क्षेत्र के मोई भारू ग्राम पंचायत के गांव कुठानियां निवासी राजस्थान पुलिस के कॉन्स्टेबल सुरेंद्र कुमार गुर्जर को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए राजस्थान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) द्वारा प्रतिष्ठित डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया जाएगा। इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है और ग्रामीणों ने इसे पूरे इलाके के लिए गौरव का विषय बताया है। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र कुमार गुर्जर ने गत वर्ष कोटा रेंज के छबड़ा क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों में साहस और मानवता का परिचय देते हुए एक प्रसूता महिला की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। विपरीत परिस्थितियों में उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्य को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने उन्हें डीजीपी डिस्क सम्मान के लिए चयनित किया है। सुरेंद्र गुर्जर केवल एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि एक सक्रिय पर्यावरण प्रेमी और समाजसेवी के रूप में भी पहचान रखते हैं। वे अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और जनहित के कार्यों में लगातार भागीदारी निभाते रहे हैं। उनके सामाजिक योगदान के लिए उन्हें विभिन्न संस्थाओं तथा उपखंड स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।डीजीपी डिस्क सम्मान मिलने की खबर के बाद गांव कुठानियां सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और गणमान्य लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। पूर्व प्रधान हरपाल सिंह, पूर्व सरपंच महेंद्र लूनिया, गीगराज मुकदम, राजेश शर्मा, शिम्भुदयाल ठेकेदार सहित अनेक ग्रामीणों ने सुरेंद्र गुर्जर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि सुरेंद्र गुर्जर ने अपने सेवा कार्यों और सामाजिक सरोकारों के माध्यम से क्षेत्र का नाम रोशन किया है तथा युवाओं के लिए प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
बाढ़ में प्रसूता की जान बचाने वाले कॉन्स्टेबल सुरेंद्र गुर्जर को मिलेगा डीजीपी डिस्क सम्मान
Advertisement










