सिंघाना में राजकीय स्कूल के सामने गंदा पानी जमा होने से सड़क क्षतिग्रस्त

दुपहिया वाहन चालक हो रहे है हादसों का शिकार

खेतड़ी I झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में बुहाना मोड़ स्थित राजकीय स्कूल के सामने लंबे समय से गंदा पानी जमा होने के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गंदा पानी जमा होने से स्कूल आने-जाने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों को रोजाना दिक्कत झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालियों की उचित निकासी नहीं होने से गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है। पानी भराव के कारण सड़क की परत उखड़ चुकी है और कीचड़ फैलने से दोपहिया वाहन चालक आए दिन फिसलकर हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई बार लोग चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों और दुकानदार मुन्ना लाल ने बताया कि समस्या को लेकर संबंधित विभाग और नगरपालिका प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। प्रशासन की उदासीनता से लोगों में प्रशासन की कार्यशैली को लेकर नाराजगी दिखाई दे रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और पानी निकासी की व्यवस्था दुरूस्त करने की मांग की है, ताकि आमजन को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि यदि सड़क की जल्द मरम्मत व पानी की निकासी सही तरीके से नहीं करवाई गई तो ग्रामीणों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।