मां-बाप को बस में बैठाकर निकला बेटा, रास्ते में काल बनकर आई बोलेरो, इशरपुरा के पास दर्दनाक हादसा, बाइक सवार युवक की मौके पर मौत; अस्पताल में मचा कोहराम
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं-सोनासर मार्ग पर गुरूवार दोपहर हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। इशरपुरा के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में हर आंख नम नजर आई। मृतक की पहचान सोनासर निवासी 24 वर्षीय मनोज सोनी पुत्र लालचंद सोनी के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे मनोज अपने माता-पिता और भाई के साथ किसी काम से झुंझुनूं आने वाला था। परिवार के चार सदस्य एक ही मोटरसाइकिल पर सुरक्षित सफर नहीं कर सकते थे। ऐसे में मनोज ने जिम्मेदारी निभाते हुए माता-पिता और भाई को बस में बैठाकर रवाना किया और खुद पीछे से बाइक लेकर झुंझुनूं के लिए निकल पड़ा। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। जैसे ही मनोज इशरपुरा के पास पहुंचा, सामने से तेज गति में आ रही बोलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, जब बस से झुंझुनूं पहुंचे माता-पिता और भाई को मनोज की मौत की सूचना मिली तो वे सुध-बुध खो बैठे। अस्पताल परिसर में भाई का रो-रोकर बुरा हाल था। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। बताया जा रहा है कि मनोज अविवाहित था और तीन भाइयों में मंझला था। उसकी एक बहन भी है। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी में वह अपने पिता के साथ रंग-पेंट का काम कर हाथ बंटाता था। घटना की सूचना मिलते ही सोनासर गांव के पूर्व सरपंच रोहिताश भड़िया, ग्रामीण संजय स्वामी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन बीडीके अस्पताल पहुंच गए। ग्रामीण संजय स्वामी ने बताया कि पिता-पुत्र मेहनत मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाते थे और दोपहर करीब 12 बजे के आसपास यह हादसा हुआ। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। हर कोई यही कहता नजर आया कि परिवार को सुरक्षित भेजने वाला बेटा खुद जिंदगी की राह में हमेशा के लिए बिछड़ गया।


















