5 हजार का ईनामी ‘मिन्डा’ दिल्ली से गिरफ्तार

चिड़ावा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, टॉप-टेन वांछित स्थाई वारंटी दबोचा

चिड़ावा I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
पुलिस थाना चिड़ावा ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपए के ईनामी एवं थाना स्तर के टॉप-टेन वांछित अपराधी सुनील सिंह उर्फ मिन्डा को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से जमीन धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहा था और दिल्ली में खानाबदोशों के बीच रहकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृत्ताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी अम्बिका चौधरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी सुनील सिंह उर्फ मिन्डा के खिलाफ माननीय वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, झुंझुनूं द्वारा स्थाई वारंट जारी किया गया था। आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 254/12 में धारा 420, 406, 467, 468, 471 एवं 120बी भादंसं के तहत जमीन धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। लगातार फरार रहने के कारण उसे थाना स्तर की टॉप-टेन वांछित अपराधियों की सूची में शामिल कर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गठित टीम लगातार तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान थाना चिड़ावा के आसूचना अधिकारी कांस्टेबल अमित सिहाग को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी दिल्ली के द्वारका क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 11 मई 2026 को दिल्ली के द्वारका से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।।कार्रवाई में आसूचना अधिकारी कांस्टेबल अमित सिहाग की विशेष भूमिका रही। टीम में उप निरीक्षक कैलाश चंद्र, हेड कांस्टेबल योगेश कुमार, कांस्टेबल अमित सिहाग एवं कांस्टेबल विकास शामिल रहे। गिरफ्तार आरोपी सुनील सिंह उर्फ मिन्डा पुत्र विजयसिंह (40) निवासी छापड़ा, थाना पिलानी, जिला झुंझुनूं का है।