Advertisement
Home Uncategorized शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर डीवाईएफआई ने किया प्रदर्शन

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर डीवाईएफआई ने किया प्रदर्शन

झुंझुनूं में रैली निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की , अमित शाह व प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया

ALSO FOLLOW INTERVIEWER INDIA ON FACEBOOK  YOUTUBE 

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) जिला कमेटी, झुंझुनूं के नेतृत्व में छात्र एवं युवा मुद्दों को लेकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष पंकज गुर्जर के नेतृत्व में शिक्षक भवन से गांधी चौक तक रैली निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-युवा एवं संगठन के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा समापन पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया। डीवाईएफआई ने नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग कर पारदर्शी एवं जवाबदेह परीक्षा प्रणाली लागू करने तथा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज की न्यायिक जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर जिला महासचिव योगेश कटारिया ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए तथा परीक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाना चाहिए। कटारिया ने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष तौफीक खोखर, तहसील सचिव राहुल सैनी, जिला कमेटी सदस्य सिकंदर पहाड़ियान, अरूण छोटू, सुमेर बुड़ानिया, महिपाल पूनिया, अनीश धायल, आशीष पचार, अजहरुद्दीन गहलोत, रोशन खान सहित बड़ी संख्या में डीवाईएफआई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।

Advertisement