बेटी के सामने ढहा कच्चा मकान, पशुओं की देखभाल के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के मलसीसर उपखंड क्षेत्र के हरिपुरा गांव में रविवार शाम आसमानी बिजली ने ऐसा कहर बरपाया कि एक परिवार की दुनिया उजड़ गई। खेत पर बनी ढाणी में पशुओं की देखभाल कर रही महिला की बिजली गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। तेज गर्जना के साथ गिरी बिजली से कच्चा मकान भरभराकर ढह गया और महिला मलबे में दब गई। जानकारी के अनुसार हरिपुरा निवासी सुमन देवी (42) पत्नी मोहर सिंह रविवार शाम अपने खेत पर बनी ढाणी में मौजूद थी। वह पशुओं की देखभाल कर रही थी। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे टिन शेड के नीचे बने कच्चे मकान की दीवार पर आ गिरी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार बिजली गिरते ही दीवार ताश के पत्तों की तरह ढह गई। भारी मलबा सीधे सुमन देवी के ऊपर जा गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से दब गई। पास खड़ी उसकी बेटी यह भयावह दृश्य देखकर चीख उठी। बेटी की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला। हादसे में ढाणी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बिजली गिरने से कच्चा मकान टूटकर बिखर गया और टिन शेड भी क्षतिग्रस्त हो गया। ग्रामीण घायल अवस्था में सुमन देवी को तत्काल उप जिला अस्पताल मलसीसर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद हरिपुरा गांव में शोक की लहर फैल गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


















