ट्रेन से 3 करोड़ का सोना चोरी: पूर्व कर्मचारी ने रची साजिश, नवलगढ़ में जमीन में गाड़े 2 करोड़ के गहने बरामद

जाखल स्टेशन पर पानी पीने उतरे कर्मचारी का बैग लेकर फरार हुए बदमाश, झुंझुनूं के तीन आरोपी गिरफ्तार; 1 करोड़ का सोना अब भी लापता

नवलगढ़ । झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
ट्रेन में सफर कर रहे एक लॉजिस्टिक कंपनी के कर्मचारी से करीब 3 करोड़ रूपये के सोने के गहने चोरी करने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए हरियाणा जीआरपी और नवलगढ़ पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 2 करोड़ रूपये के सोने के गहने जमीन में गाड़े हुए बरामद किए हैं, जबकि लगभग 1 करोड़ रूपये के गहनों की तलाश अब भी जारी है। पुलिस के अनुसार यह वारदात 10 जून को उस समय हुई, जब दिल्ली से बठिंडा जा रहे एक लॉजिस्टिक कंपनी के कर्मचारी नरेंद्र सिंह ट्रेन के जाखल (फतेहाबाद, हरियाणा) रेलवे स्टेशन पर पानी पीने के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाश सीट पर रखा सोने के गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

पूर्व कर्मचारी निकला मास्टरमाइंड, दो माह तक की रेकी

जांच में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड ऋषभ पहले उसी लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत था। कंपनी छोड़ने के बावजूद उसे गहनों की सप्लाई, पैकिंग और ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम की पूरी जानकारी थी। पुलिस के मुताबिक ऋषभ ने अपने साथियों के साथ मिलकर करीब दो महीने तक रेकी की और पूरी योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में छिपे हुए हैं। इसके बाद हरियाणा जीआरपी की विशेष टीम और नवलगढ़ पुलिस ने 7 और 10 जुलाई को डेरावाली ढाणी में दबिश देकर ऋषभ और गोविंद को गिरफ्तार किया। दोनों डेरावाली ढाणी के निवासी हैं। पूछताछ के बाद तीसरे आरोपी बबलू, निवासी नवलड़ी (नवलगढ़), को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

तालाब के पास मंदिर के निकट जमीन में गाड़ा था सोना

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद तीनों आरोपियों ने गहनों का आपस में बंटवारा कर लिया और पकड़े जाने के डर से कल्याणपुरा स्थित तालाब के पास मंदिर के निकट जमीन में गड्ढा खोदकर सोने के गहने दबा दिए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कर करीब 2 करोड़ रूपये मूल्य के गहने बरामद कर लिए।नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मामले में कुछ अन्य आरोपी अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी और शेष करीब 1 करोड़ रूपये के सोने के गहनों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस हाई-प्रोफाइल चोरी से जुड़े और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।पुलिस की इस कार्रवाई को हाल के समय में ट्रेन में हुई बड़ी सोना चोरी की वारदातों के खुलासे के रूप में देखा जा रहा है। अब जांच एजेंसियों का फोकस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष एक करोड़ रूपये मूल्य के गहनों की बरामदगी पर है।