म्यूल हंटर अभियान में बड़ी कार्रवाई : सुलताना थाना पुलिस की कार्रवाई, 16 साइबर शिकायतों से जुड़ा मिला बैंक खाता
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस थाना सुलताना ने “म्यूल हंटर” विशेष अभियान के तहत एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़ी राशि प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस एवं चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल आरपीएस के सुपरविजन में थाना सुलताना पुलिस ने यह कार्रवाई की। थानाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने साइबर अपराधों में संलिप्त खाताधारक को गिरफ्तार किया।पुलिस के अनुसार राष्ट्रीय साइबर क्राइम एवं समन्वय पोर्टल 1930 पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर संदिग्ध बैंक खातों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान एक बैंक खाते में कुल 16 साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं। बैंक रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि साइबर ठगी की राशि में से कुल 1 लाख 47 हजार 158 रुपये आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी मोहम्मद सोयल पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी वार्ड संख्या 26 सुलताना, थाना सुलताना, जिला झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा पीसी रिमांड प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। कार्रवाई में थाना सुलताना के थानाधिकारी रविन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक बनवारी लाल तथा कांस्टेबल सीताराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा संदिग्ध बैंक खातों और साइबर ठगी नेटवर्क पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।













