स्टेडियम पर सियासत गरमाई: दीवार तोड़ने के आदेश के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे डॉ. शर्मा

27 अप्रैल को हजारों लोगों के जुटने का ऐलान, खिरोड़ में जोहड़ भूमि आवंटन और इंजेक्शन चोरी मामले पर भी उठाए तीखे सवाल

नवलगढ़। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़

परसरामपुरा खेल स्टेडियम की दीवार तोड़ने के आदेश को लेकर अब विवाद खुलकर सियासी संघर्ष में बदलता नजर आ रहा है। पूर्व चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. राजकुमार शर्मा ने प्रशासन को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए साफ कहा है कि स्टेडियम को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। डॉ. शर्मा ने ऐलान किया कि 27 अप्रैल को हजारों लोग स्टेडियम पर एकत्रित होंगे और प्रशासन को “स्टेडियम को छूने तक नहीं देंगे।” उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम सरकार के बजट से क्षेत्र के खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ऐसे में इसे नुकसान पहुंचाना सीधे-सीधे जनता के हितों के साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि नवलगढ़ को कमजोर समझने की भूल न की जाए। मामला केवल एक स्टेडियम का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के सम्मान और विकास से जुड़ा है।

जोहड़ भूमि पर उठे सवाल, ‘धन्ना-सेठों’ को फायदा पहुंचाने का आरोप 

डॉ. शर्मा ने खिरोड़ क्षेत्र में 500 बीघा जोहड़ भूमि आवंटन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह जमीन प्रभावशाली लोगों को दे दी गई है, जिससे भविष्य में जल संरक्षण की बड़ी समस्या खड़ी होगी।उन्होंने पूछा—अब नया जोहड़ कैसे बनेगा और पानी की व्यवस्था कैसे होगी?

खेल गतिविधियों की अनदेखी का आरोप

उन्होंने यह भी कहा कि पहले स्टेडियम में दो कोच नियुक्त थे, जिन्हें अब हटा दिया गया है। इसे उन्होंने सरकार की खेलों के प्रति उदासीनता का प्रमाण बताया।

इंजेक्शन चोरी मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

-डॉ. शर्मा ने जिला अस्पताल में करीब 12 लाख रुपए के इंजेक्शन चोरी मामले को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक बच्ची को मोहरा बनाकर असली आरोपियों को बचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर मुख्य सरगना को सामने लाया जाए।

शहर की अन्य समस्याओं पर भी साधा निशाना 

उन्होंने राजकीय कॉलेज के पीछे डाले जा रहे कचरे के निस्तारण की समस्या और कॉलेज में रिक्त पदों को लेकर भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को घेरा।
डा. शर्मा ने साफ कहा कि यदि प्रशासन ने एकतरफा कार्रवाई की, तो जनता मुंहतोड़ जवाब देगी और जरूरत पड़ी तो कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी। इस दौरान एडवोकेट किशोर जांगिड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष बलदेव सैनी, कांग्रेस नेत्री सुभीता सीगड़ सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।