मोदी वर्ल्ड स्कूल की बेटियों का दम: इरजा सोनी ने 10 मीटर एयर पिस्टल में जीता गोल्ड

वृंदा चौहान टॉप-5 में, तीन खिलाड़ियों ने स्टेट लेवल के लिए किया क्वालीफाई — अयोध्या में लहराया प्रतिभा का परचम

झुंझुनूं I अजीत जांगिड़

मोदी वर्ल्ड स्कूल, विज्डम सिटी के होनहार विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए शूटिंग खेल में विद्यालय का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में 13 से 16 अप्रैल 2026 तक आयोजित 29वीं प्री-यूपी स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। इस प्रतियोगिता में विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा इरजा सोनी ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर शानदार सफलता हासिल की। वहीं वृंदा चौहान ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप-5 में जगह बनाई। इसके अलावा जय चौधरी ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। खास बात यह रही कि इन तीनों खिलाड़ियों ने स्टेट लेवल शूटिंग प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया है।

मेहनत, अनुशासन और मार्गदर्शन का परिणाम

स्कूल डायरेक्टर आकाश मोदी ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कोच विकास कालेर के मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल के विद्यार्थी लगातार नेशनल लेवल पर भी मेडल जीत रहे हैं और यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। स्कूल प्राचार्य डॉ. रवि शंकर शर्मा ने प्रार्थना सभा में विजेताओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि एक संपूर्ण शिक्षा है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती है। इस शानदार उपलब्धि पर चेयरमैन डॉ. दिलीप मोदी, मैनेजिंग डायरेक्टर नीरजा मोदी, डायरेक्टर गरिमा मोदी, छात्रावास निदेशक कुरड़ाराम धींवा, उप-प्राचार्या सरोज सिंह, हैडमिस्ट्रेस उमा शर्मा, प्रशासक कमलेश कुलहरि सहित सभी स्टाफ सदस्यों ने खिलाड़ियों और कोच को शुभकामनाएं दीं। मोदी वर्ल्ड स्कूल के खिलाड़ी अब केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि खेलों में भी अपना भविष्य गढ़ते हुए हर मंच पर सफलता का परचम लहरा रहे हैं।