झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
स्थानीय जिला मुख्यालय स्थित एसीआई सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित एसीआई स्कॉलरशिप परीक्षा उत्साह और उमंग के माहौल में सम्पन्न हुई। परीक्षा में विद्यार्थियों की आशातीत भागीदारी देखने को मिली, जिससे संस्थान का उद्देश्य और अधिक मजबूत होता नजर आया। प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या ने जानकारी देते हुए बताया कि कुल 316 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 247 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। यह परीक्षा विशेष रूप से कक्षा 8वीं एवं 10वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गई थी। संस्था निदेशक मनोज शर्मा ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए उचित मंच प्रदान करना है। साथ ही, आर्थिक अभाव के कारण अपने लक्ष्यों से दूर रह जाने वाली प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें नई दिशा देना भी इस पहल का प्रमुख लक्ष्य है। परीक्षा के माध्यम से विभिन्न श्रेणियों में चयनित 50 विशेष विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे वे अपनी शिक्षा को निर्बाध रूप से आगे बढ़ा सकेंगे। गौरतलब है कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के बाद से अब तक संस्थान द्वारा 515 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनकी शिक्षा में सहयोग किया जा चुका है। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक उदाहरण बनती जा रही है।










