कानून-व्यवस्था पर सख्त निगरानी: एसपी सागर का सख्त संदेश—“हर सूचना पर तुरंत एक्शन”

असामाजिक तत्वों, संदिग्धों व ईनामी बदमाशों पर विशेष नजर रखने के आदेश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व चुस्त बनाने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में जिलेभर के आसूचना अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में वर्तमान सुरक्षा हालात की गहन समीक्षा करते हुए साफ संदेश दिया गया कि हर छोटी-बड़ी सूचना को गंभीरता से लेकर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने जिले के संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों का विश्लेषण करते हुए आसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय व प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आगामी सार्वजनिक आयोजनों और विशेष अवसरों को देखते हुए खुफिया नेटवर्क को मजबूत करना समय की जरूरत है, ताकि किसी भी संभावित घटना को पहले ही रोका जा सके। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि असामाजिक तत्वों, आदतन अपराधियों और बाहरी संदिग्धों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए I ईनामी अपराधियों व अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए ॥ हर सूचना का त्वरित और गोपनीय आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए I उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित खतरे की पूर्व सूचना जुटाना ही पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, इसलिए सूचना तंत्र में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित कर सूचना संकलन की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर दिया गया।

“जिम्मेदारी के साथ करें काम, हर सूचना अहम”

एसपी सागर ने सभी आसूचना अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें और हर सूचना को गंभीरता से लें और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखें ॥ बैठक के अंत में अधिकारियों से फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।