जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग बोले—ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने का यह प्रयास पूरे समाज के लिए प्रेरणा
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शिक्षा, संस्कृति और प्रतिभा का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला, जब शेखावाटी पब्लिक स्कूल (एसपीएस), हेतमसर का वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। रंग-बिरंगे सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने शिरकत की, जबकि अध्यक्षता विद्यालय के संस्थापक संतोष मित्तल ने की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर, आईआईटी गुरुकुल के संस्थापक शैलेश, सहायक प्रोफेसर धीर सिंह धाबाई, जिला अतिरिक्त कोषाधिकारी प्रियंका लांबा, प्रबंधन निदेशक भेरूलाल गुर्जर एवं एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर दीपिका मित्तल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का राजस्थानी परंपरा अनुसार साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
“ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी शिक्षा व्यवस्था सराहनीय” — डॉ. अरुण गर्ग
अपने संबोधन में जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने विद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यालय द्वारा ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने के प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर सहायक प्रोफेसर धीर सिंह धाबाई ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन और निरंतर परिश्रम का महत्व बताते हुए सफलता के लिए प्रेरित किया।
शत-प्रतिशत परिणाम और उपलब्धियों का गौरवशाली लेखा-जोखा
विद्यालय की अकादमिक निदेशक ज्योति मित्तल ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार शत-प्रतिशत रहा है तथा मंडावा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों के साथ भविष्य की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला।
मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह में सत्र 2025-26 के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने ज्योति मित्तल एवं दीपिका मित्तल के निर्देशन में देशभक्ति, लोक संस्कृति एवं आधुनिक रंगों से सजे आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों की प्रतिभा और विद्यालय के प्रयासों की खुलकर सराहना की।
संस्थान का संकल्प—शिक्षा में नई ऊंचाइयों की ओर
कार्यक्रम के अंत में संस्थापक संतोष मित्तल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के भावी लक्ष्यों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग
मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू














