झुंझुनूं में आबकारी की बड़ी कार्रवाई: 35 लाख की अवैध शराब नष्ट

550 पेटियों में हरियाणा निर्मित व प्रीमियम ब्रांड्स शामिल, तस्करों पर शिकंजा कसा

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 35 लाख रुपए कीमत की जब्त शराब को नष्ट कर दिया। विभाग द्वारा 550 पेटियों में भरी इस शराब की खेप को विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए नष्ट किया गया। जिला आबकारी अधिकारी रियाजुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि आबकारी थाना झुंझुनूं के सीआईओ ताराचंद जाखड़ व उनकी टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर हरियाणा निर्मित अवैध शराब की बड़ी मात्रा जब्त की थी। इस खेप में ‘मैकडॉवेल्स’ और ‘रॉयल चैलेंज’ जैसे प्रीमियम ब्रांड्स भी शामिल थे, जिन्हें गैरकानूनी रूप से जिले में खपाने की तैयारी थी।

जहरीली हो चुकी थी शराब

अधिकारियों के अनुसार लंबे समय तक गोदामों में रखे रहने के कारण यह शराब उपभोग के लिए असुरक्षित हो चुकी थी और इसके सेवन से जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था। इसी कारण नियमानुसार इसे नष्ट किया गया।

जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है। आबकारी विभाग के 5 थानों और 3 सर्किलों की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 500 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसधारियों पर भी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। 100 से अधिक ठेकेदारों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर भारी जुर्माना वसूला गया है।

तस्करी की रीढ़ तोड़ेंगे

जिला आबकारी अधिकारी सिद्दीकी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने अपना इंटेलिजेंस नेटवर्क मजबूत कर दिया है और गश्त बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर तस्करी की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने की रणनीति पर काम किया जा रहा है।

अंबेडकर जयंती पर चूरू में भव्य कार्यक्रम | नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

चूरू में नशे के खिलाफ सर्व समाज का प्रदर्शन | SP को सौंपा ज्ञापन, सख्त कार्रवाई की मांग

मौसमी बीमारियों से कैसे बचें? | डॉक्टर अरविंद सैनी का खास इंटरव्यू